वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 : विशेष रेलगाड़ी बीकानेर से रामेश्वरम -मदुरई तीर्थ स्थल के लिए 13 को होगी रवाना
बीकानेर, 08 अगस्त (हि.स.)। राज्य सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 अन्तर्गत विशेष रेलगाड़ी बीकानेर से रामेश्वरम -मदुरई तीर्थ स्थल के लिए 13 अगस्त, 2026 को रवाना होगी।
सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि इस ट्रेन में 1000 यात्रियों को तीर्थ स्थल ले जाया जाएगा। इसमें बीकानेर जिले के 819 व चूरू जिले के 151 यात्री सम्मिलित है। बीकानेर ओर चूरू जिले के चयनित यात्रियों को बीकानेर रेल्वे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर 06 के बाहर स्थित कैम्प में बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि रेलगाड़ी में सभी चयनित तीर्थ यात्रियों को व्यक्तिशः दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। यात्री अपने साथ ऑनलाइन भरे गये आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी (मय प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र), जनाधार कार्ड व आधार कार्ड की फोटो प्रति को क्रमवार स्टेपल कर अपने साथ लाने हैं। इसी के साथ दो पासपोर्ट साईज फोटो तथा मूल जनाधार कार्ड व आधार कार्ड साथ लेकर आना अनिवार्य होगा। साथ ही यात्रियों को दैनिक उपयोग की सामग्री (आवश्यक औषधियां, व्यक्तिगत आवश्यकता हेतु नकदी, कपड़े) लाने होंगे।
उन्होंने बताया कि इस ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, मेडिकल टीम (1 डॉक्टर और 2 नर्सिंग)और 28 अनुरक्षकों (प्रत्येक कोच में दो अनुरक्षक) को लगाया जाएगा। ये अनुरक्षक यात्रियों के डॉक्यूमेंट चेक करके उन्हें यात्रा की टिकिट/पहचान पत्र वितरित कर ट्रेन वापसी तक वरिष्ठ यात्रियों की सहायता के लिए ट्रेन में उनके साथ जाएंगे। अनुरक्षकों को बीकानेर रेल्वे स्टेशन पर स्थित कैम्प में सुबह 08 बजे बुलाया जाएगा।
सहायक आयुक्त ने बताया कि बीकानेर ओर चूरू जिले के चयनित यात्रियों को बीकानेर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 06 के बाहर लगे कैम्प में सुबह 10 बजे बुलाया जाएगा। यात्रियों को परेशानी न हो इसलिए अल्पाहार आदि की व्यवस्था की गई है। इस वर्ष से सभी यात्रा थर्ड टियर एसी ट्रेन में कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

