किसानों को जारी रहेगा निःशुल्क और अनुदानित दर पर बीज वितरण
जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार किसानों को निःशुल्क तथा अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराने की योजना को आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि मक्का उत्पादन वाले क्षेत्रों में कृषि विभाग और जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के माध्यम से किसानों को बीज मिनिकिट का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।
विधानसभा में विधायक समरराम के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब देते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा, सलूम्बर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, पाली, सिरोही और बारां जिलों में जनजाति क्षेत्र के किसानों को 8 लाख 26 हजार 219 मक्का बीज मिनिकिट वितरित किए गए। वहीं इन जिलों के गैर जनजाति किसानों को 2 लाख 26 हजार 643 मक्का बीज मिनिकिट दिए गए।
इस प्रकार वर्ष 2025-26 में जनजाति क्षेत्र के किसानों को कुल 10 लाख 52 हजार 862 मक्का बीज मिनिकिट निःशुल्क वितरित किए गए। इसके अलावा अजमेर, ब्यावर, बूंदी, भीलवाड़ा और झालावाड़ जिलों के किसानों को भी 96 हजार 882 मक्का बीज मिनिकिट निःशुल्क दिए गए।
कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए अनुसूचित जनजाति और सहरिया क्षेत्र वाले जिलों डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा, सलूम्बर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, पाली, सिरोही और बारां के जनजाति किसानों को निःशुल्क संकर मक्का बीज मिनिकिट उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इसके लिए लगभग 85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और करीब 8 लाख 50 हजार जनजाति किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में बारां, झालावाड़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, सलूम्बर, उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और राजसमंद जिलों में मक्का फसल के लिए 500 क्विंटल प्रमाणित बीज अनुदानित दर पर वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही 4 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का फसल के प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निःशुल्क बीज भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में कार्ययोजना केंद्र सरकार को भेज दी गई है।
कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य के 28 जिलों में बाजरा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 7 लाख 99 हजार 900 बाजरा बीज मिनिकिट वितरित किए गए। वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत 12 हजार क्विंटल प्रमाणित बाजरा बीज अनुदानित दर पर वितरित करने और 24 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बाजरा फसल के प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी केंद्र सरकार को भेजी गई है।
उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि वर्ष 2026-27 में भी किसानों को निःशुल्क तथा अनुदानित दर पर मक्का और बाजरा बीज उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़े और उन्हें खेती में बेहतर लाभ मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

