home page

स्वतंत्रता दिवस से पहले अजमेर में सुरक्षा कड़ी रेलवे स्टेशन पर चला सघन जांच अभियान

 | 
स्वतंत्रता दिवस से पहले अजमेर में सुरक्षा कड़ी रेलवे स्टेशन पर चला सघन जांच अभियान


अजमेर, 12 अगस्त(हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए अजमेर में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिला पुलिस के साथ जीआरपी और आरपीएफ की ओर से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी और जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर जिले के अधिकारियों और थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने गश्त बढ़ाने के साथ होटल-ढाबों की जांच, नाकाबंदी और वाहनों की चेकिंग भी तेज कर दी है। बुधवार को अजमेर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। जीआरपी थाना प्रभारी फूलचंद बालोटिया के नेतृत्व में सीआईडी, श्वान दल और धातु जांच यंत्रों की मदद से स्टेशन परिसर की जांच की गई। प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी ट्रेन की भी श्वान दल से जांच की गई। यात्रियों के सामान की जांच करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी सुरक्षा टीमों ने जांच अभियान चलाया। सुरक्षा एजेंसियों ने आमजन से अपील की कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नजर आने पर उसे छूने या हटाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। स्वतंत्रता दिवस तक सार्वजनिक और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष