रेलवे परिसरों की सुरक्षा को लेकर जोधपुर मंडल अलर्ट
जोधपुर, 04 नवम्बर (हि.स.)। रेलवे परिसरों में यात्रियों की सुरक्षा एवं सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में जारी सुरक्षा संदेश के माध्यम से सभी रेलकर्मियों को रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों एवं अन्य रेलवे परिसरों में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी रेल कर्मचारियों से अपने नियमित कार्य एवं निरीक्षण के दौरान विशेष चौकसी बरतने की अपील की है। स्टेशन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया एवं ट्रेनों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज नहीं करें।
विशेष रूप से यदि कहीं बैग, टिफिन, बॉक्स, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा अन्य कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है तो उसे बिल्कुल न छुएं और न ही किसी अन्य व्यक्ति को छूने दें। ऐसी वस्तु के आसपास से यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर रखें तथा इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें। इसके अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस अथवा नजदीकी पुलिस थाने को भी सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक सुरक्षा कार्रवाई की जा सके।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे रेलवे परिसर में किसी भी लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तु को स्वयं उठाने या हटाने का प्रयास न करें। ऐसी कोई वस्तु दिखाई देने पर तुरंत 139 पर सूचना दें और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें। रेलवे प्रशासन ने कहा कि रेलवे परिसर की सुरक्षा एवं यात्रियों की संरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक रेलकर्मी एवं यात्री की सजगता किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

