home page

स्काउट गाइड प्रशिक्षण चारित्रिक सशक्तिकरण व राष्ट्रीय मूल्यों का संवाहक: आर्य

 | 
स्काउट गाइड प्रशिक्षण चारित्रिक सशक्तिकरण व राष्ट्रीय मूल्यों का संवाहक: आर्य


जोधपुर, 26 मार्च (हि.स.)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला जोधपुर द्वारा आयोजित बेसिक व एडवांस शिविरों का आयोजन वि_लेश वन चौपासनी प्रशिक्षण केंद्र पर आयोजित हो रहा है। एक अन्य शिविर ओम बन्ना आवासीय छात्रावास मंडलनाथ में निराश्रित बच्चों का शिविर भी आयोजित हो रहा है। इनका सघन निरीक्षण राज्य मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य द्वारा किया गया। सहायक राज्य संगठन आयुक्त छतर सिंह पीडीयार, जिला सचिव डॉ बीएल जाखड़, सीओ गाइड निशु कवर ने इन शिविरों का अवलोकन करवाया!

संभागियों को संबोधित करते हुए निरंजन आर्य ने जोधपुर व फलोदी जिले की विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए हुए स्काउट मास्टर्स, गाइड कैप्टन, कब मास्टर व फ्लाक लीडर शिक्षकों का आह्वान किया कि इन शिविरों में प्राप्त प्रशिक्षण को चरित्र निर्माण के आधारभूत लक्ष्य के रूप में समाहित करते हुए विद्यार्थी तक इन चारित्रिक मूल्यों को संप्रेषित करने का प्रयास करें, जिससे राष्ट्र के अनुशासित नागरिक के रूप में उनका निर्माण हो सके। इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा, समाजसेवी एवं भामाशाह केरू शिक्षण संस्थान के निदेशक हनुमान राम सेवदा ने भी स्काउट गाइड की शिक्षाओं को राष्ट्र व नागरिक के लिए बहुत उपयोगी बताया।

आर्य ने निराश्रित बच्चों से की मुलाकात

राज्य मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य ने स्काउट गाइड जिला कार्यालय जोधपुर द्वारा आयोजित अनाथ बच्चों के लिए शिविर में आए संभागियों विशेषकर छोटे बच्चों से मुलाकात की और उनकी जीवनचर्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पालनहार योजना के अंतर्गत उनको कौन-कौन सी सुविधाएं प्राप्त हो रही है तथा सरकार उनके कल्याण हेतु जो सुविधाएं प्रदान कर रही है उनका पूरा उपयोग किया जाए।

उन्होंने सहायक राज्य संगठन आयुक्त छतर सिंह पीडीयार को निर्देशित किया कि इन बच्चों के छात्रावास व विद्यालय में सुविधाओं की निरंतर निगरानी रखी जाए और प्रतिवेदन सरकार को भेजे जाए। इसके साथ ही राज्य मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य ने प्रशिक्षण शिविरों के अवलोकन के दौरान जोधपुर जिले की सक्रिय रेंजर और गाइड लीडर प्रियंका सोलंकी का स्कॉर्प पहनाकर स्वागत किया तथा अन्य रोवर रेंजर्स को भी राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों में भाग लेने प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश