home page

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत

 | 
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत


जयपुर, 17 मार्च (हि.स.)। विश्‍वकर्मा थाना इलाके में स्कॉर्पियो की चपेट में आने से एक ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह सड़क पार कर रहा था। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

एक्सीडेंट थाना (पश्चिम) के हेड कांस्टेबल महावीर ने बताया कि मृतक की पहचान करौली के हिण्डौन सिटी निवासी मनोज कुमार अग्रवाल (51) के रूप में हुई है। वह मुरलीपुरा रोड नंबर-2 पर किराए से रहकर नमकीन सप्लाई का टैम्पो चलाता था।

पुलिस के अनुसार सोमवार देर शाम मनोज कुमार दक्षिणी मुखी हनुमान मंदिर के सामने बीआरटीएस कॉरिडोर के पास पैदल सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मनोज को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश