home page

स्कूल में हैंडबॉल पोल गिरने से 8 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार में मातम

 | 
स्कूल में हैंडबॉल पोल गिरने से 8 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार में मातम


उदयपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तीसरी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। मैदान में खेलते समय हैंडबॉल का पोल गिरने से 8 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस के अनुसार छात्र महर्थ राजसिंह (8) पुत्र देवेंद्रपाल सिंह चौहान निवासी आरके पुरम, तीतरड़ी तीसरी कक्षा में पढ़ता था और माता-पिता का इकलौता बेटा था। सोमवार को स्कूल में खेल कालांश के दौरान बच्चे मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान महर्थ हैंडबॉल के पोल पर लटक गया। संतुलन बिगड़ने से पोल सीधे उसके सिर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्कूल स्टाफ तुरंत बच्चे को इलाज के लिए एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

गोवर्धन विलास थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही बच्चे के पिता देवेंद्रपाल सिंह अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की हालत देखकर वे बेहोश हो गए। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। बच्चे की मां सहित परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी देर से दी गई।

घटना के बाद अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजन और करणी सेना के पदाधिकारी स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराज हो गए। इस दौरान परिजनों और निजी स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बीच सहमति बनने पर शाम करीब 5:25 बजे बच्चे का शव अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव उम्बाडा (बांसवाड़ा) ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता