home page

राम मंदिर निर्माण में कथित घोटाले के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर

 | 
राम मंदिर निर्माण में कथित घोटाले के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर


जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में रविवार को कलेक्ट्रेट सर्किल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया और मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग उठाई गई।

प्रदर्शन की शुरुआत भगवान श्रीराम की आरती से हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खाचरियावास ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे से जुड़े मामले में हजारों करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच भारत सरकार के अधीन एसआईटी से संभव नहीं है, इसलिए जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है और यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। खाचरियावास ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर राजस्थान सहित देशभर में आंदोलन जारी रखेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले की जांच की मांग को लेकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व अध्यक्ष आर.आर. तिवारी, पूर्व विधायक गंगादेवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश