home page

सिटी पैलेस में 22 अक्टूबर को सजेगी सम्मान की शाम: 25 श्रेणियों में दिए जाएंगे सवाई जयपुर अवॉर्ड्स

 | 
सिटी पैलेस में 22 अक्टूबर को सजेगी सम्मान की शाम: 25 श्रेणियों में दिए जाएंगे सवाई जयपुर अवॉर्ड्स


जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर के सिटी पैलेस में 22 अक्टूबर की शाम वार्षिक ‘सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026’ समारोह आयोजित होगा। ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह, एमवीसी की जयंती के उपलक्ष्य में होने वाले इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह सिटी पैलेस के प्रीतम निवास चौक में आयोजित होगा। इस वर्ष पुरस्कारों के लिए 25 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज सेवा, चिकित्सा, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, पर्यावरण, पर्यटन, विज्ञान, पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा, कला, फोटोग्राफी, थिएटर, फिल्म, खेल, व्यापार, उद्योग और विरासत संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को पहचान दी जाएगी। पुरस्कारों के नाम जयपुर के इतिहास और राजपरिवार से जुड़ी प्रमुख विभूतियों के नाम पर रखे गए हैं।

समारोह में उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के लिए राजा दूल्हा राय अवॉर्ड, संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राजा काकिल देव अवॉर्ड और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए राजा पजवन देव अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। जयपुर के पारंपरिक शिल्प को आगे बढ़ाने में योगदान देने वालों को राजा भगवंत दास अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

बहादुरी के लिए राजा मान सिंह प्रथम अवॉर्ड और सशस्त्र बलों में विशिष्ट सेवा के लिए मिर्जा राजा जय सिंह प्रथम अवॉर्ड दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय कार्यों के लिए मिर्जा राजा राम सिंह प्रथम अवॉर्ड तथा यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र में योगदान के लिए महाराजा विशन सिंह अवॉर्ड निर्धारित किया गया है।

विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय अवॉर्ड, पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा सवाई ईश्वरी सिंह अवॉर्ड, समाज सेवा एवं परोपकार के लिए महाराजा सवाई माधो सिंह प्रथम अवॉर्ड और साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए महाराजा सवाई प्रताप सिंह अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।

कला, फोटोग्राफी, सिनेमा और खेल को भी मिलेगा मंच

कला के क्षेत्र में आर्ट, पेंटिंग और मूर्तिकला के लिए महाराजा सवाई जगत सिंह अवॉर्ड तथा फोटोग्राफी में उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय अवॉर्ड दिया जाएगा। थिएटर, फिल्म और टेलीविजन के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए एचएच महाराजा सवाई माधो सिंह द्वितीय अवॉर्ड और प्रदर्शनकारी कलाओं में योगदान के लिए एचएच महारानी किशोर कंवर अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वालों को महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय संग्रहालय ट्रस्ट और जयपुर पोलो एंड राइडिंग क्लब (जेपीसीटी) में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महारानी मरूधर कंवर अवॉर्ड निर्धारित किया गया है।

महिलाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राजमाता गायत्री देवी अवॉर्ड और व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में योगदान के लिए सवाई भवानी सिंह अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। जयपुर राजपरिवार के प्रति निष्ठा और अनुशासित सेवाओं के लिए राजमाता पद्मिनी देवी अवॉर्ड तथा नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट कार्यों के लिए राजकुमारी दीया कुमारी अवॉर्ड दिया जाएगा।

विरासत और वास्तुकला के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सवाई पद्मनाभ सिंह अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। स्टार्टअप, नवाचार और आविष्कार के क्षेत्र में ऐसे व्यक्तियों या संस्थानों को राजकुमारी गौरवी कुमारी अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा, जिनके कार्यों का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो। इसके अलावा किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वालों के लिए लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर अवॉर्ड निर्धारित किया गया है।

समारोह के जरिए जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं और समकालीन क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को एक मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश