home page

सावन की रंगत में सजेगा जयपुर: ‘सतरंगी सावन’ उत्सव में बिखरेगी महिलाओं की प्रतिभा

 | 
सावन की रंगत में सजेगा जयपुर: ‘सतरंगी सावन’ उत्सव में बिखरेगी महिलाओं की प्रतिभा


जयपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन की फुहारों,लहरिया की रंगत और राजस्थानी लोक संस्कृति के उल्लास से भरपूर ‘सतरंगी सावन’ लहरिया उत्सव का आयोजन 8 अगस्त (शनिवार) दोपहर 1 बजे से राजा पार्क स्थित होटल क्लिक में किया जाएगा। नृत्यम फाउंडेशन एवं नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक उत्सव में महिलाएं अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन करेंगी।

आयोजिका काजल सैनी ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक भीम सिंह कासनिया होंगे। इसके अलावा सावन की पारंपरिक थीम पर आधारित इस आयोजन में सावन क्वीन, बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांस और बेस्ट मेहंदी जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभिन्न आयु वर्ग की प्रतिभागी पारंपरिक परिधानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के साथ आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शर्मा जी ज्वैलरी वाले तथा प्रसिद्ध ज्वेलरी डिजाइनर प्रज्ञा टिबरीवाल का विशेष सहयोग रहेगा। उनकी ओर से प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे।

वहीं नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन की संस्थापक शीलू सैनी ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रतिभागी महिलाओं को विशेष डांस रिहर्सल करवाई जा रही है, ताकि कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश