कांग्रेस का बड़ा एक्शन : बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में बगावत करने वाली सरिता चौहान कांग्रेस से निष्कासित
बीकानेर, 25 नवंबर (हि.स.)। बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी की जीत के बाद राजस्थान कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने जिला परिषद सदस्य और पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की पुत्री सरिता चौहान को 6 साल के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से 25 नवंबर 2026 को आधिकारिक आदेश जारी की गई है।
दरअसल, बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने निकिता डूडी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। वहीं पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की पुत्री सरिता चौहान ने पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि माना गया।
बुधवार को हुए मतदान में निकिता डूडी ने 23 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि सरिता चौहान को 18 वोट मिले। इस तरह निकिता डूडी ने 5 वोटों के अंतर से जिला प्रमुख का चुनाव जीत लिया।
चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने सरिता चौहान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की। एआईसीसी की ओर से जारी आदेश में सरिता चौहान पुत्री गोविंदराम मेघवाल, जिला परिषद सदस्य बीकानेर को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया गया है। यह आदेश राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की ओर से जारी किया गया है। इस कार्रवाई के जरिए कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है।
एक तरफ निकिता डूडी की जीत से कांग्रेस खेमे में उत्साह है, वहीं दूसरी तरफ सरिता चौहान के निष्कासन ने बीकानेर कांग्रेस की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। जिला प्रमुख चुनाव में शुरू हुई राजनीतिक खींचतान अब पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई तक पहुंच गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

