शहर में धूमधाम से मनाई संत खेतेश्वर जयंती, शोभायात्रा निकली
जोधपुर, 22 अपै्रल (हि.स.)। राजपुरोहित समाज के आराध्य ब्रह्म ऋषि संत खेतेश्वर महाराज की 114वीं जयंती बुधवार को धूमधाम से श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान श्री खेतेश्वर जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में संत खेतेश्वर की आकर्षक झांकियांयुक्त शोभायात्रा निकाली गई। इसमें संत खेतेश्वर महाराज का जीवन परिचय, पर्यावरण, नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, मतदान का संदेश देती झांकियां भी नजर आई। शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया।
समिति अध्यक्ष चैनसिंह भाटेलाई व लक्ष्मणसिंह बड़ली ने बताया कि यह शोभायात्रा 12वीं रोड से बैंडबाजों के साथ रवाना हुई विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंचकर विसर्जित हुई। शोभायात्रा ब्रह्म सावित्री सिद्ध पीठाधीश्वर संत तुलछाराम महाराज, वेदांताचार्य डॉ. ध्यानाराम महाराज सहित अनेक संतों के सान्निध्य में निकाली गई। इसमें कई झांकियां सम्मिलित हुई।
शोभायात्रा में समाज के लोग धोती-कुर्ता व साफा सहित पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। शोभायात्रा में पारंपरिक व सांस्कृतिक झांकियों के माध्यम से खेतेश्वर महाराज के जीवन से जुड़े प्रसंगों को जीवंत किया गया। शोभायात्रा में खेताराम महाराज व अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल हुई। शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और अन्य देवी देवताओं से संबंधित झांकियां भी सजाई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

