home page

शिक्षकों की कमी पर छात्रों का प्रदर्शन, संस्कृत स्कूल के गेट पर लगाया ताला

 | 
शिक्षकों की कमी पर छात्रों का प्रदर्शन, संस्कृत स्कूल के गेट पर लगाया ताला


भरतपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के उच्चैन क्षेत्र के सैदपुरा स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने बुधवार को स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने रिक्त पदों को शीघ्र भरने और नियमित पढ़ाई शुरू कराने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि विद्यालय में करीब 700 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन प्रधानाचार्य सहित 12 शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण कई विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

कक्षा 7 की छात्रा कोमल ने बताया कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों का शैक्षणिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने मांग की कि रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां कर नियमित शिक्षण व्यवस्था बहाल की जाए।

विद्यार्थियों ने बताया कि इससे पहले भी 13 जुलाई को इसी मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। उस समय शिक्षा विभाग की ओर से जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक नियुक्तियां नहीं होने से छात्रों में नाराजगी बनी हुई है।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, तो उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से विद्यालय में शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति कर विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भरतपुर