संजय शर्मा को टायकून नेशनल अवार्ड
जयपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। विकसित भारत अभियान 2047 के तहत विविध क्षेत्रों में देश के विकास में अपना विशिष्ट एवं अग्रणी योगदान देने वाले राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चुनिंदा 47 शख्सियतों का राजधानी दिल्ली में टायकून अवार्ड प्रदान कर सम्मान किया गया।
इस दौरान राजस्थान से जयपुर निवासी गौ सेवक, समाजसेवी, शिक्षाविद एवं नीति विशेषज्ञ तथा भारत सरकार से गोपाल रत्न पुरस्कार से सम्मानित संजय शर्मा का भी सम्मान किया गया। शिवम डेयरी एवं रुद्रशिवम लाइव स्टॉक एसोसिएशन के डायरेक्टर तथा गोकुल ग्राम के प्रणेता संजय शर्मा देवराहा बाबा एवं ओम सिद्धेश्वर ब्रह्मऋषिजी के अनन्य कृपापात्र भक्त हैं। उनके द्वारा गत वर्ष 2025 में गौ आधारित इकोनामी से संबंधित गौ महाकुंभ का सफलतम आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में उन्होंने गौ आधारित अर्थव्यवस्था के मूल आधार के साथ गोकुल ग्राम की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी बताया कि एक सशक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत में सभी राष्ट्रभक्तों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
श्रीब्रह्मर्षि आश्रम तिरुपति के राष्ट्रीय संयोजक संजय शर्मा बोले गोकुल ग्राम, जो कि भारतीय सनातन परंपरा में मां के रुप में पूजनीय गाय पर आधारित अर्थव्यवस्था के आधार पर क्रियाशील है। बकौल शर्मा गौ, ग्राम विकास, पर्यावरण एवं सनातन को मूल आधार रखते हुए देश का यह पहला प्रोजेक्ट है जिसे भारत सरकार से गोपाल रत्न पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है। आगामी समय में 1000 लोगों को गोकुल समृद्धि कार्ड की मेंबरशिप देकर देश और दुनिया में गौ आधारित अर्थव्यवस्था का ग्राफ बढ़ाने हेतु वे प्रयत्नशील है। प्रमुख अतिथि, आयोजन के मेंटोर, सुविख्यात गोयल मेडिकोज के सीईओ डॉक्टर बसंत गोयल ने इस दौरान कहा कि राष्ट्र निर्माण एक सामूहिक प्रयास है और इस यात्रा में हर क्षेत्र की भूमिका है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय मीडिया कॉन्क्लेव, विकसित भारत 2047 व 47 टायकून नेशनल अवार्ड समारोह का यह भव्य आयोजन राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित द ललित होटल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ।
उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी डॉ दिनेश गुरुजी ने सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान भारत के विकास के दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण में संचार की बदलती भूमिका पर विस्तार से अनेक वक्ताओं ने विचार रखे। देश और दुनिया से 300 से अधिक प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के दिग्गजों, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं ने अपनी अपनी बात रखी। आयोजन की रुपरेखा पर चीफ़ ऑर्गेनाइजर पवन कुमार भूत ने प्रकाश डालते हुए सभी का स्वागत किया। इंडिया वन फाउंडेशन के तत्वावधान में पुलिस पब्लिक प्रेस के 20 साल बेमिसाल के उपलक्ष में इस कार्यक्रम में कॉफी टेबल बुक भी लॉन्च की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

