home page

आरएसएस के अलवर में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग विशेष का समापन

 | 
आरएसएस के अलवर में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग विशेष का समापन


जयपुर, 05 जून (हि.स.)। आदर्श विद्या मन्दिर, मालवीय नगर अलवर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का 2 मई 2026 से 5 जून 2026 तक 40 वर्ष से 65 वर्ष तक की आयु के स्वयंसेवकों का संघ शिक्षा वर्ग (विशेष) का समापन हुआ। इसमें जयपुर प्रान्त के विभिन्न जिलों से आए 168 स्वयंसेवकों ने सुव्यवस्थित जीवन-चर्या विकास के लिए विभिन्न सत्रों के माध्यम से सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, राष्ट्रभक्ति, स्वस्थ शरीर के लिए आवश्यक शारीरिक अभ्यास, योग प्राणायाम, श्रमसेवा आदि सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक गुणों को समाहित करने के लिए साधना की।

समापन कार्यक्रम में वर्ग कार्यवाह कमल किशोर प्रान्त प्रौढ़ प्रमुख ने वर्ग का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ग में 168 शिक्षार्थी सहित वर्ग टोली, शिक्षक, व्यवस्था के लिए प्रबन्धकों सहित 247 स्वयंसेवक उपस्थिति रहे।

वर्ग के सर्वाधिकारी गोपाल सिंह सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी ने स्वयंसेवकों से वर्ग के प्रशिक्षण में सीखे ज्ञान और कौशल का अपने क्षेत्र में संघ कार्य में उपयोग करते हुए और अधि दक्षता से दायित्व निर्वहन का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैलाश चन्द क्षेत्र प्रौढ़ कार्य प्रमुख ने प्रथम सरसंघ चालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार एवं द्वितीय सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए सर्वप्रथम अच्छे स्वयंसेवक बनने का शिक्षार्थियों से आह्वान किया। तत्पश्चात अपने परिवार, समाज में संघ कार्य करते हुए उच्च चरित्र वाले व्यक्तियों के निर्माण हेतु नियमित शाखा में जाकर यहां सीखी हुई दक्षता, कौशल एवं ज्ञान को अन्य स्वयंसेवकों एवं समाज के नागरिकों के साथ साझा कर उनका भी कौशल विकास करते हुए राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में योगदान कर परम वैभवशाली विश्वगुरु भारत राष्ट्र के निर्माण के लिए आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश