home page

सांगानेर में 52 करोड़ रुपए की लागत से 19 किमी सीवरेज ट्रंक लाइन और 62 करोड़ में बनेगा एसटीपी

 | 
सांगानेर में 52 करोड़ रुपए की लागत से 19 किमी सीवरेज ट्रंक लाइन और 62 करोड़ में बनेगा एसटीपी


जयपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सीवरेज समस्या के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर कार्य शुरू किया गया है, जिससे करीब तीन लाख की आबादी को राहत मिलने की उम्मीद है।

जेडीए द्वारा सांगानेर क्षेत्र की 101 कॉलोनियों में सीवरेज व्यवस्था विकसित करने के लिए 52 करोड़ रुपए की लागत से सीवर लाइन बिछाने और 62 करोड़ रुपए की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है।

पीएचई विभाग के एक्सईएन दिलीप लाम्बा ने बताया कि सांगानेर में 62 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी और 52 करोड़ रुपए खर्च कर सीवरेज लाइन डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाओं पर कार्य प्रक्रियाधीन है और चरणबद्ध तरीके से इन्हें पूरा किया जाएगा। जेडीए द्वारा चंदलाई क्षेत्र में 40 एमएलडी क्षमता का एसटीपी स्थापित किया जाएगा, जिस पर करीब 62 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और संबंधित फर्म को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। निर्माण के लिए सर्वे कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। परियोजना के तहत सांगानेर में लगभग 19 किलोमीटर लंबी ट्रंक लाइन डाली जाएगी, जिससे क्षेत्र की कॉलोनियों को मुख्य सीवरेज लाइन से जोड़ा जाएगा। यह ट्रंक लाइन मुहाना और बम्बाला-शिकारपुरा से होकर चंदलाई तक पहुंचेगी। इससे लगभग 2100 हेक्टेयर क्षेत्र में बसे लोगों को सीवरेज सुविधा का लाभ मिलेगा। सांगानेर विधानसभा के वार्ड 91, 92, 93, 94, 96, 97, 98 और 99 की आबादी को इससे विशेष रूप से राहत मिलेगी।

पहले चरण में मीणा चौक से चंदलाई तक करीब 10 किलोमीटर सीवरेज लाइन डालने का कार्य 30 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है, जिसमें से लगभग 6 किलोमीटर कार्य पूर्ण हो चुका है। इस चरण को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, मीणा चौक से शिकारपुरा-डिग्गी मालपुरा रोड तक करीब 9 किलोमीटर सीवरेज लाइन डालने का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा, जिस पर करीब 22 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जेडीए सांगानेर क्षेत्र में समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए ड्रेनेज, बीसलपुर जल आपूर्ति लाइन और सड़क नेटवर्क को भी सुदृढ़ करने पर कार्य कर रहा है। क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सेक्टर सड़कों का निर्माण और कनेक्टिविटी सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जाम की समस्या में कमी आएगी। इसके अलावा सांगानेर में एलिवेटेड रोड निर्माण की दिशा में भी कार्य शुरू किया गया है। जेडीए द्वारा सांगानेर पुलिया से खुली जेल की ओर एलिवेटेड रोड विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। हालांकि, डिग्गी मालपुरा रोड से न्यू सांगानेर रोड को जोड़ने वाली 120 फीट चौड़ी सड़क के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण यह कार्य फिलहाल लंबित है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश