पद यात्रियों के आकर्षण का केन्द्र एफिल टॉवर में बाबा रामदेवजी की समाधि
बीकानेर, 09 सितंबर (हि.स.)। उपनगर गंगाशहर के पाबू चौक की फ्रेण्ड्स क्लब सेवा संस्थान का रामदेवरा पैदल यात्रियों का रजत वर्ष (25 वें वर्ष) विशेष सेवा शिविर बीकानेर से 109 किलोमीटर दूर कानजी की सिड्ड के पास 10 सितम्बर से 16 सितम्बर तक लगाया जाएगा। सेवा शिविर स्थल पर 70 फीट का एफिल टॉवर पर बाबा रामदेवजी की समाधि, ध्वज, घोड़ा व विशेष रोशनी की व्यवस्था की गई है।
संस्थान के कोषाध्यक्ष जय किशन सोनी (रोडा) के नेतृत्व में करीब 150 सेवा कार्यकर्ताओं की टीम विभिन्न व्यवस्थाओं को पूर्ण करने में लगी है। सेवा शिविर में हर जाति, वर्ग व समुदाय के लोगों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 24 फीट ऊंचे 60 गुणा 100 फीट के दो व 30 गुणा 100 फीट के टैंट डेम लगाएं जा चुके है।
उन्होंने बताया कि सेवा शिविर स्थल पर प्रतिदिन भक्ति संगीत सहित विविध बाबा रामदेवजी की भक्ति के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीजे पर बाबा रामदेव के भजनों की प्रस्तुति के साथ बाबारामदेवजी की भक्ति संगीत संध्या, विशेष श्रृंगार व प्रतिदिन बाबा रामदेवजी की डोम में स्थापित प्रतिमा की जोत व आरती की जाएगी। बाबा रामदेव के 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया जाएगा। बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव 13 सितम्बर को भक्ति भाव से मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सेवा कार्य में 20 हलवाई, 10 सफाई कर्मचारी, 20 गाड़ियां(कार,जीप, ट्रक) के साथ 125 के लगभग कार्यकर्ता सेवाएं देंगे। सुबह चार बजे से नौ बजे तक चाय, नाश्ता व उसके बाद दोपहर 2 बजे तक तथा शाम को साढ़े छह बजे आरती के बाद से करीब बारह बजे तक भोजन की व्यवस्था रहेंगी। पिछली बार प्रतिदिन 5 से 7 हजार पैदल जातरूओं ने भोजन, चाय व नाश्ते का लाभ प्राप्त किया था। शिविर में गांव के सरपंच व ग्रामीणों तथा बीकानेर के बाबा रामदेव के भक्तों व भामाशाहों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक समस्या गैस टंकियों की हो रही है, करीब 70-75 गैस टंकियां उपयोग में आएगी इसकी व्यवस्था करना भारी पड़ रहा है।
रामदेवरा जाने वाले पद यात्रियों के लिए फ्रेण्डस क्लब सेवा संस्थान का डोम, एफिल टावर पर बाबा रामदेवजी की समाधि, घोड़ा व विशेष रोशनी आकर्षण का केन्द्र बनी है। हनुमानगढ़, श्री गंगानगर, पंजाब, हरियाणा, झुझुनूं तथा बीकानेर जिले के पैदल यात्री वर्तमान में रूककर बाबा रामदेवजी का जयकारा लगाते हुए डोम व सेवा शिविर की तारीफ कर रहे है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

