home page

एसीबी कार्रवाई के बाद सलूम्बर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शक्तियां वापस, मूल विभाग में भेजा

 | 
एसीबी कार्रवाई के बाद सलूम्बर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शक्तियां वापस, मूल विभाग में भेजा


जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। एसीबी की कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने सलूम्बर में कार्यरत अधिकृत खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में दी गई शक्तियां तत्काल प्रभाव से वापस ले ली हैं। आयुक्तालय ने उन्हें खाद्य सुरक्षा अधिकारी के प्रभार से मुक्त कर उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया है।

आयुक्तालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह कार्रवाई उनके संबंध में प्राप्त शिकायत तथा अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूम्बर से प्राप्त तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर की गई है। घनश्याम सिंह सोलंकी मूल रूप से वरिष्ठ रेडियोग्राफर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें पूर्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में कार्य करने के लिए शक्तियां प्रदान की गई थीं।

अब आयुक्तालय ने उनकी खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में प्रदत्त शक्तियां तत्काल प्रभाव से प्रत्याहरित कर दी हैं।

साथ ही उन्हें तत्काल निदेशक (अराजपत्रित), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्थान, जयपुर के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

आयुक्तालय ने अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सलूम्बर को भी निर्देश दिए हैं कि घनश्याम सिंह सोलंकी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय के माध्यम से आयुक्तालय को भेजा जाए।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ नियमों की कड़ाई से पालना के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित