सुरक्षित सफर, सुचारु संचालन : कोटा मंडल ने फील्ड मॉनिटरिंग पर बढ़ाया फोकस
काेटा, 25 सितंबर (हि.स.)। यात्रियों को सुरक्षित एवं सुचारु रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटा मंडल में ऑपरेटिंग विभाग के पर्यवेक्षकों एवं सेक्शनल टीआई की बैठक मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा मानकों, फील्ड स्तर की परिचालन समस्याओं तथा उनके त्वरित समाधान की समीक्षा की गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि बैठक में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीणा ने फील्ड स्तर पर उपलब्ध संसाधनों, कार्यप्रणाली और परिचालन से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा करते हुए समयबद्ध समाधान एवं नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी, किसी भी कमी की समय रहते पहचान एवं सुधार तथा कर्मचारियों से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवश्यकता अनुसार विशेष सुरक्षा अभियान, विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय और संयुक्त प्रक्रिया आदेश के माध्यम से समस्याओं के शीघ्र समाधान पर भी चर्चा हुई।
उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय योगदान के लिए अरविंद पाठक, टीआई/कोटा, पारसराम मीणा, टीआई/बूंदी तथा मुनीराज मीणा, स्टेशन अधीक्षक/श्यामपुरा को सम्मानित किया गया।
इन प्रयासों से सुरक्षित ट्रेन संचालन के साथ यात्रियों को अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु रेल सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

