home page

युद्ध वर्दी में नजर आए सचिन पायलट, मशीनगन से साधा निशाना

 | 
युद्ध वर्दी में नजर आए सचिन पायलट, मशीनगन से साधा निशाना


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट रविवार को दिल्ली कैंट स्थित अपनी सैन्य यूनिट पहुंचे, जहां उन्होंने जवानों और सैन्य अधिकारियों के साथ ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण और फायरिंग अभ्यास में हिस्सा लिया। टेरिटोरियल आर्मी में मेजर पायलट इस दौरान युद्धक वर्दी में नजर आए।

उन्होंने मशीन गन से निशाने साधने के साथ ही सेना के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न शारीरिक अभ्यास भी किए।

पायलट ने प्रशिक्षण के दौरान पुशअप्स सहित कई अभ्यास किए और जवानों के साथ ड्रिल में हिस्सा लिया। उन्होंने अपने सामाजिक माध्यम खाते पर प्रशिक्षण के फोटो और वीडियो साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी यूनिट में कुछ समय ड्रिल और प्रशिक्षण में बिताया। सेना में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और सहनशक्ति को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।

पायलट सितंबर 2012 में केंद्रीय दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री रहते हुए टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट के पद पर शामिल हुए थे। बाद में उन्हें कैप्टन के पद पर पदोन्नति मिली। वर्ष 2023 में उन्होंने मेजर पद पर पदोन्नति के लिए परीक्षा दी थी। वर्तमान में वे टेरिटोरियल आर्मी में मेजर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

टेरिटोरियल आर्मी से जुड़े होने के कारण पायलट समय-समय पर अपनी यूनिट में पहुंचकर सैन्य गतिविधियों और प्रशिक्षण में हिस्सा लेते हैं।

इस दौरान उन्हें सेना के अधिकारियों एवं जवानों के साथ निर्धारित सैन्य अभ्यास करने का अवसर मिलता है।

टेरिटोरियल आर्मी भारतीय सेना की सहायक सैन्य व्यवस्था का हिस्सा है। इसके अधिकारी और जवान आवश्यकता तथा आपात स्थिति में नियमित सेना के साथ सेवाएं दे सकते हैं। युद्ध या राष्ट्रीय आवश्यकता की स्थिति में टेरिटोरियल आर्मी के अधिकारियों को भी देश के विभिन्न हिस्सों में ड्यूटी के लिए बुलाया जा सकता है।

पायलट का परिवार भी सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है।

उनके पिता राजेश पायलट भारतीय वायुसेना में स्क्वॉड्रन लीडर रहे थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने वायुसेना में सेवाएं दी थीं। वहीं सचिन पायलट के दादा भी भारतीय सेना में हवलदार रहे थे। टेरिटोरियल आर्मी में शामिल होकर सचिन पायलट ने परिवार के सैन्य जुड़ाव को आगे बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित