home page

‘रन फॉर एनवायरमेंट’ जागरूकता दौड़ का आयोजन : प्रतिभागियों को किया गया पौधों का निशुल्क वितरण

 | 
‘रन फॉर एनवायरमेंट’ जागरूकता दौड़ का आयोजन : प्रतिभागियों को किया गया पौधों का निशुल्क वितरण


बीकानेर, 04 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा गुरुवार को वंदे गंगा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत ‘रन फॉर एनवायरमेंट’ का आयोजन किया गया। ‘रन फॉर एनवायरमेंट’ जागरूकता दौड़ को हरी झंडी सुबह करीब साढ़े सात बजे मुख्य वन संरक्षक हनुमानाराम, निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, एसडीएम बीकानेर आईएएस महिमा कसाना, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी राजकुमार मीणा व बीकानेर रन क्लब के ईशान शर्मा ने संयुक्त रूप से दिखाई।

रन का आयोजन उपवन संरक्षक कार्यालय पब्लिक पार्क से कलेक्ट्रेट होते हुए संभागीय आयुक्त कार्यालय, म्यूजियम सर्किल से सर्किट हाउस होते हुए पब्लिक पार्क उपवन संरक्षक कार्यालय तक किया गया। रन से पहले उपवन संरक्षक कार्यालय परिसर में प्रतिभागियों को मुख्य वन संरक्षक श्री हनुमानाराम ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता तथा पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग द्वारा बीकानेर रन क्लब एवं राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सहयोग से किया गया।

उप वन संरक्षक जी. वेंकटेश ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने, वर्षा जल के संरक्षण तथा आमजन में प्रकृति एवं प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इस दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता तथा पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना था।

दौड़ के दौरान प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा हरित विकास से जुड़े संदेश भी दिए गए। कार्यक्रम के समापन पर वन विभाग द्वारा प्रतिभागियों एवं आमजन को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान लोगों को अधिकाधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की सतत प्रक्रिया है। प्रतिभागियों ने भी पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उप वन संरक्षक वन्य जीव संदीप छालानी, सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सहायक अभियंता गिरीश व्यास, कनिष्ठ अभियंता ज्योति मेव, राधेश्याम स्वामी, वन विभाग के रेंजर साऊथ महेश जाखड़, उत्तर रेंज के रेंजर महावीर रुहिल, वनपाल, सहायक वनपाल, वनरक्षक समेत बड़ी संख्या वनकर्मी, बड़ी संख्या में बीकानेर रन क्लब के सदस्यों समेत जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं युवा वर्ग ने इस जन-जागरूकता अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव