वायरल ऑडियो के बाद तेज हुई जुबानी जंग, दक बोले मेरी आवाज नहीं, डेयरी चेयरमैन बोले मां, बहन व पत्नी की गाली देना कितना उचित
चित्तौड़गढ़, 28 मई (हि.स.)। जिले के बड़ीसादड़ी विधानसभा से विधायक एवं प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। वहीं अब दक ने एक वीडियो जारी कर के सफाई देते हुए कहा कि इसमें उनकी आवाज नहीं है। वहीं गौतम दक के सामने कांग्रेस प्रत्याशी रहे एवं चित्तौड़ डेयरी के पूर्व चेयरमैन ने वीडियो जारी पूछा कि राजनीतिक पद पर बैठे व्यक्ति का किसी को मां-बहन और पत्नी तक की गालियां देना कितना उचित है।
गौरतलब है कि दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ। कथित रूप से का ऑडियो में राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक की आवाज बताई जा रही है। इसमें डूंगला थाना क्षेत्र में थानाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों के साथ गाली गलौज करते सुना जा रहा है। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद कुछ लोग गौतम दक के पक्ष में तो कुछ विरोध में भी सामने आए हैं। वहीं ऑडियो सामने आने और वायरल होने के बाद सहकारिता मंत्री गौतम दक ने गुरुवार को एक वीडियो जारी कर दिया है। इस वीडियो में दक इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि वायरल ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है। सहकारिता मंत्री दक कहा कि मेरा एक ऑडियो प्रसारित किया गया है, जिसमें तकनीक का दुरुपयोग कर इस ऑडियो को एडिट किया गया है। इस एडिटेड ऑडियो से मेरा कोई संबंध नहीं है।
जगपुरा का आरोप मंत्री की जमीन पर चल रहा था अवैध बजरी स्टॉक
इधर चुनाव में बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र से दक के सामने कांग्रेस प्रत्याशी रहे तथा चित्तौड़ डेयरी के पूर्व अध्यक्ष बद्री जगपुरा ने भी वीडियो जारी कर के गौतम दक पर बड़ा हमला बोला है। जगपुरा ने कहा कि ऑडियो में मंत्रीजी पुलिस कर्मियों को मां, बहन और पत्नी की गाली दे रहे हैं। लोकतंत्र में यह कौन सा तरीका है। किस बात का अहंकार और घमंड है कि आप ऐसी ओछी बात कर रहे हैं। जगपुरा ने आरोप लगाया कि करसाना गांव के बाहर दक की एक जमीन है, जिस पर लक्ष्मण गाडरी अवैध स्टॉक चल रहा है। इस पर बजरी, गिट्टी, ईंटें पड़ी हुई है। पुलिस के द्वारा मौके पर जाकर लक्ष्मण गाड़री को यह बोला गया कि यह अवैध रेत है इसको हटाना पड़ेगा। पुलिस जैसे ही वहां पहुंची और लक्ष्मण गाड़री ने मंत्री दक को फोन किया होगा। तब मंत्रीजी को बड़ा अहंकार हुआ कि मेरे क्षेत्र में, मेरी जमीन पर, मैं मंत्री हूं वहां कैसे जाकर पुलिस स्टॉक को हटा देवे। जगपुरा ने कहा कि वहां पैसे मांगने की बात तो थी ही नहीं, इसे पैसों से जोड़ कर इस तरह की गाली दी और बात की जो कि सभ्य समाज में इस तरह का संभव नहीं है। इस तरह की बात करना मंत्री को शोभा नहीं देता है। मंत्री पूरे राजस्थान के होते हैं। राजस्थान की जनता उनको फॉलो करती है। जगपुरा ने आगे कहा कि क्या सीखा रहे हो अपने बच्चों को कि आप इस तरह की बात करेंगे। सभ्य समाज में इस तरह की बातें करना शोभा नहीं देता है। मंत्री की ओर से जो ओछी हरकत की है, इसकी कड़े शब्दों में भर्त्सना करता हूं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

