आरएसएस के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार करेंगे युवाओं से संवाद
जोधपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर जोधपुर महानगर में युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व और सकारात्मक परिवर्तन से जोडऩे के उद्देश्य से विभिन्न युवा सम्मेलन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार 13 से 15 अगस्त तक जोधपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे युवा चिकित्सक, युवा प्राध्यापक, युवा उद्यमी एवं युवा अधिवक्ता सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। इन सम्मेलनों में संबंधित क्षेत्रों से जुड़े युवा पेशेवर भाग लेंगे। इस दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व तथा युवा शक्ति की भूमिका से जुड़े विषयों पर संवाद होगा। इसी क्रम में संघ के क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री युवा अभियंता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में अभियांत्रिकी एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े युवाओं के सामाजिक सरोकार, नवाचार तथा राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा। विभाग प्रचार प्रमुख लेखाराम बिश्नोई ने बताया कि 23 अगस्त तक महानगर के विभिन्न स्थानों पर महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के 18 शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक समरसता, राष्ट्रबोध, नागरिक कर्तव्य तथा समाज जीवन में सक्रिय सहभागिता जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियां एवं संवाद होंगे। उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष में युवाओं के बीच आयोजित किए जा रहे ये कार्यक्रम केवल संवाद एवं प्रशिक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवा शक्ति को समाज के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने का माध्यम हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवाओं को एक मंच से जोडक़र उनके ज्ञान, कौशल, ऊर्जा एवं प्रतिभा को राष्ट्र एवं समाजहित की दिशा में सकारात्मक रूप से नियोजित करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

