home page

प्राध्यापक भर्ती परीक्षा के ड्राइंग, उर्दू व पंजाबी विषय के पेपर शांतिपूर्ण संपन्न

 | 
प्राध्यापक भर्ती परीक्षा के ड्राइंग, उर्दू व पंजाबी विषय के पेपर शांतिपूर्ण संपन्न


जयपुर, 07 जून (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से आयोजित प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 के अंतर्गत रविवार को जयपुर जिले में ड्राइंग, उर्दू और पंजाबी विषय की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं।

परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम पारी में आयोजित ड्राइंग विषय की परीक्षा के लिए 5,944 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2,220 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,724 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति प्रतिशत 37.35 रहा। उन्होंने बताया कि द्वितीय पारी में आयोजित उर्दू विषय की परीक्षा के लिए 5,894 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 2,430 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 3,464 अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा में 41.23 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं पंजाबी विषय की परीक्षा के लिए 2,015 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से केवल 369 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 1,646 अनुपस्थित रहे। इस विषय में सबसे कम 18.31 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

एडीएम वर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में हुआ। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त पर्यवेक्षकों और अधिकारियों ने आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना कराई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफल संचालन हुआ तथा किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना प्राप्त नहीं हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश