कड़ी सुरक्षा के बीच हुई आरपीएससी परीक्षा
जयपुर, 11 जून (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) अजमेर द्वारा आयोजित प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 के अंतर्गत गुरुवार को जयपुर जिले में शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुरक्षा, यातायात, पेयजल और विद्युत सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम पारी में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रश्नपत्र के लिए कुल 3,261 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,937 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,324 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में 59.40 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि द्वितीय पारी में आयोजित शारीरिक शिक्षा विषय विशेष प्रश्नपत्र के लिए भी कुल 3,261 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,919 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,342 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा में 58.85 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
एडीएम वर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुआ। केन्द्रों पर नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं अधिकारियों ने आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराई।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफलतापूर्वक संचालन किया गया तथा किसी भी परीक्षा केन्द्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

