रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, आरपीएफ सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करेगी : सतीजा
बीकानेर, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा ने गुरुवार को बीकानेर में कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
बीकानेर मंडल के प्रवास पर आए सतीजा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि नशे की तस्करी रोकने के लिए ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भारत सरकार के ‘ड्रग्स फ्री इंडिया’ मिशन के तहत उत्तर-पश्चिम रेलवे में आरपीएफ विशेष अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब आठ माह में नारकोटिक्स से जुड़े 52 मामले पकड़े गए हैं, जिनमें करीब 1.20 करोड़ रुपये की सामग्री बरामद हुई है।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशनों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। सीआईडी और विशेष टीमों को भी सक्रिय रखा गया है। पुराने एवं संदिग्ध अपराधियों पर नजर रखने के साथ यात्रियों के सामान की चोरी, जेबकतरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष रणनीति के तहत काम किया जा रहा है। उत्तर-पश्चिम रेलवे क्षेत्र में यात्रियों से संबंधित चोरी की घटनाओं में करीब 10 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है।
सतीजा ने बताया कि आरपीएफ में लागू बीट सिस्टम के माध्यम से अधिकारियों और जवानों की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी की जा रही है। प्रत्येक क्षेत्र को बीट में विभाजित कर निर्धारित अवधि में सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों की समीक्षा की जाती है। आवश्यकता के अनुसार सिविल पुलिस के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।
इससे पहले आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम, नशे की तस्करी पर अंकुश तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। सतीजा ने बीकानेर मंडल में आरपीएफ अधिकारियों और जवानों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे नहीं छुएं और तत्काल आरपीएफ या संबंधित रेलवे कर्मचारी को सूचना दें।
इस अवसर पर बीकानेर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त बी.पी. कुशवाह, एएससी कैलाश सहित आरपीएफ के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

