home page

रोजगार मेले में कई बेरोजगार युवा लाभांवित

 | 
रोजगार मेले में कई बेरोजगार युवा लाभांवित


जोधपुर, 19 नवम्बर (हि.स.)। भारत सरकार के कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार मेले का आयोजन आज शास्त्री सर्किल के समीप स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जोधपुर में किया गया। मेले में सरकारी संस्थान और निजी कंपनियों के माध्यम से जोधपुर जिले के आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए गए।

संस्थान के उपनिदेशक (प्रशिक्षण) डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि मेले में जोधपुर जिले के विभिन्न व्यवसायों और इंजीनियरिंग ट्रेड में आईटीआई प्रशिक्षण पूरा कर चुके अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था। सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों को एक ही मंच पर लाने का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ बिजली विभाग, रोजगार कार्यालय, जिला उद्योग केन्द्र, ऑटो व्यवसाय, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, भारत संचार निगम लिमिटेड, सरस डेयरी, एम्स और होटल व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया इसके अलावा भारत और राज्य सरकार के विभिन्न उपक्रमों के प्रतिनिधि भी मेले में शामिल हुए।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले सरकारी उपक्रमों और कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का मौके पर ही पंजीकरण भी किया गया। इससे युवाओं को अलग-अलग प्रतिष्ठानों में रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर तलाशने के लिए एक ही स्थान पर सुविधा प्राप्त हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश