home page

रोटरी के पब्लिक इमेज सेमिनार में जयपुर की पांच हस्तियां होंगी सम्मानित

 | 
रोटरी के पब्लिक इमेज सेमिनार में जयपुर की पांच हस्तियां होंगी सम्मानित


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3056 की ओर से 22 नवंबर को होटल क्लार्क्स आमेर में पब्लिक इमेज सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार में रोटरी की सेवा गतिविधियों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, बदलते मीडिया परिदृश्य और सोशल मीडिया के माध्यम से संस्थाओं की सार्वजनिक छवि मजबूत करने पर मंथन होगा। कार्यक्रम की मेजबानी रोटरी क्लब जयपुर अशोक करेगा। पंजीकरण सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा।

सेमिनार का प्रमुख आकर्षण ‘आइकॉन्स ऑफ जयपुर’ सत्र होगा, जिसमें रत्न-जवाहरात, होटल उद्योग, कालीन बुनाई, वित्त और डिजाइन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं डिस्ट्रिक्ट मेंटर अजय काला इन हस्तियों से उनके शुरुआती संघर्ष, करियर की दिशा बदलने वाले महत्वपूर्ण फैसलों और उनके कार्यों से समाज में आए बदलावों पर संवाद करेंगे। रोटरी सदस्य भी इस दौरान अतिथियों से सीधे सवाल पूछ सकेंगे।

सम्मानित होने वाली हस्तियों में केजीके समूह के चेयरमैन नवरत्न कोठारी शामिल हैं, जिन्होंने जयपुर के रत्न कारोबार को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के माध्यम से कैंसर रोगियों और उनके परिवारों की सहायता में उनके योगदान को भी रेखांकित किया जाएगा।

होटल उद्यमी हरि मोहन डंगायच ने पन्ने के कारोबार से अपनी शुरुआत की और बाद में जयपुर मैरियट तथा जयपुर एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर जैसे उपक्रमों के जरिए शहर में बड़े व्यापार मेलों और सम्मेलनों के लिए नई संभावनाएं विकसित कीं।

जयपुर रग्स के संस्थापक नंद किशोर चौधरी ने वर्ष 1978 में दो करघों और नौ कारीगरों से शुरुआत की थी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में ही बुनकरों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ हाथ से बने कालीनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। एसके फाइनेंस के राजेंद्र सेतिया ने छोटे कारोबारियों और वाहनों के माध्यम से आजीविका कमाने वाले लोगों तक ऋण की पहुंच बढ़ाने में योगदान दिया।

वहीं डिजाइनर आयुष कासलीवाल ने भारतीय शिल्प को आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़ने का काम किया। दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर यात्रियों के स्वागत के लिए प्रदर्शित हस्तमुद्राओं को साकार करने में भी उनकी भूमिका रही है।

रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरुण बगड़िया सेमिनार का शुभारंभ करते हुए रोटरी की सार्वजनिक छवि को लेकर डिस्ट्रिक्ट की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालेंगे। सेमिनार में इस बात पर विशेष चर्चा होगी कि रोटरी की सेवा परियोजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को प्रभावी तरीके से मीडिया और समाज तक कैसे पहुंचाया जाए।

भास्कर के संपादक एल.के. पंत स्वयंसेवी संस्थाओं और प्रिंट मीडिया के संबंधों पर मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखेंगे। क्रिएटिव कंटेंट्स के अजय चोपड़ा जनसंपर्क और सोशल मीडिया में कहानी कहने की कला पर चर्चा करेंगे, जबकि जनसंपर्क विशेषज्ञ जगदीप सिंह मीडिया के बदलते रुझानों पर प्रकाश डालेंगे।

पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. बलवंत चिराना अखबार के लिए खबर तैयार करते समय आवश्यक सावधानियों और महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देंगे।

पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. राखी गुप्ता ‘आइकॉन्स ऑफ जयपुर’ सम्मान-पत्रों का वाचन करेंगी। सेमिनार चेयर आलोक अग्रवाल स्वागत संबोधन देंगे। पीडीजी अजय काला स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से डिस्ट्रिक्ट की चुनिंदा सेवा परियोजनाओं को सामने रखेंगे, जो रोटरी की सार्वजनिक छवि को मजबूत करने में सहायक रही हैं।

कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट की करीब 500 पृष्ठों की डायरेक्टरी के मुद्रित संस्करण का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। असिस्टेंट गवर्नर एवं डायरेक्टरी की संपादक पूनम बगड़िया इसे लोकार्पण के लिए प्रस्तुत करेंगी।

डीएसजी संजय कौशिक के संयोजन में रोटरी सेवा परियोजनाओं के लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे। डीजीई डॉ. के.सी. शर्मा रोटरी के ‘ब्रांड सेंटर’ की जानकारी देंगे, जबकि मेजबान रोटरी क्लब जयपुर अशोक के अध्यक्ष डॉ. भवानी मिश्रा आयोजन से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, सेमिनार का उद्देश्य केवल रोटरी की गतिविधियों का प्रचार करना नहीं, बल्कि सेवा कार्यों के वास्तविक प्रभाव को समाज तक पहुंचाने के लिए मीडिया, जनसंपर्क और डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग समझना भी है।

अजय काला ने बताया कि वर्ष 2025 में विमल चंद सुराणा, डॉ. अजीत बाना, अनूप भरतिया, अजय अग्रवाल और शैलेन्द्र संचेती को ‘आइकॉन्स ऑफ जयपुर’ सम्मान प्रदान किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित