home page

पांच साल बाद अब बारिश में नहीं टपकेगी निगम मुख्यालय की छत

 | 
पांच साल बाद अब बारिश में नहीं टपकेगी निगम मुख्यालय की छत


जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। इस साल बारिश के दौरान अब निगम मुख्यालय की छत से पानी नहीं टपकेगा। निगम प्रशासन मुख्यालय की छत की मरम्मत करवा रहा है। इस पर करीब 62 लाख रुपये खर्च होंगे। निगम मुख्यालय की छत की मरम्मत का काम शुरू हो चुका है और उससे बारिश से पूर्व पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले कई सालों से बारिश के दौरान निगम मुख्यालय की छत से पानी टपकता था। इससे भीगने से फाइल्स सहित अन्य दस्तावेज, उपकरण सहित अन्य वस्तुएं खराब हो जाती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले पांच साल से निगम कार्यालय की छत से पानी टपक रहा है। इससे कई अधिकारियों के कमरों में दस्तावेज सहित अन्य सामान भीगने से खराब हो जाते थे। निगम की छत करीब 6000 वर्गफीट है। निगम की छत की मरम्मत का काम मार्च में शुरू किया गया था। निगम की छत पर क्रेजी सहित अन्य वाटरप्रूफिंग का काम किया जा रहा है।

निगम मुख्यालय एक्सईएन नीरु ने बताया कि निगम मुख्यालय भवन की हाल खराब थी लम्बे समय से भवन काे मरम्मत की दरकार थी। इसी काे ध्यान में रखकर उसकी मरम्मत का काम किया जा रहा है। भवन की छत से भी पानी टपकता था।

निगम मुख्यालय और पार्ट 2 में बने सभी टायलेट्स की भी मरम्मत की जा रही है। मरम्मत नहीं होने से टायलेट्स खस्ताहाल थे। इससे निगम में कार्यरत अधिकारियों सहित यहां आने वाले आगुंतकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी को ध्यान में रखकर निगम मुख्यालय और पार्ट 2 के खस्ताहाल टायलेट्स की मरम्मत का काम चल रहा है। इस पर करीब 59 लाख रुपए खर्च होंगे।

निगम मुख्यालय भवन को लम्बे समय से मरम्मत की दरकार थी। कई अधिकारियों के कमरों में सीलन आने से प्लास्टर गिरने लगा था तो बाहरी दीवारों भी मरम्मत मांग रही थी। ऐसे में निगम प्रशासन अब निगम मुख्यालय की सूरत बदलने की तैयारी में लगा हुआ है। निगम मुख्यालय की मरम्मत और रंगरोगन पर करीब 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इस दिशा में काम भी शुरू हो चुका है। अधिकारियों के कमरों की मरम्मत के साथ रंगरोगन का काम चल रहा है। अंदरुनी साज-सज्जा के बाद बाहरी हिस्से की मरम्मत और रंगरोगन का काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश