सेवा ज्योति कलश यात्रा का जिला स्तरीय आयोजन कल रामलीला मैदान में
जोधपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन 7 अक्टूबर को 12वीं रोड स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करेंगे।
अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास गतिविधियों की जानकारी आमजन तक व्यापक स्तर पर पहुंचाने तथा विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प की दिशा में जनभागीदारी को सुदृढ़ करना है। अभियान में किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग एवं राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव वेबकास्ट के लिए एलईडी वॉल सहित आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला कलेक्टर आलोक रंजन के निर्देशन में कार्यक्रम के सुचारू एवं सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं। जोधपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, पुलिस आयुक्तालय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा तथा परिवहन विभाग सहित संबंधित विभागों को सुरक्षा, कानून एवं यातायात व्यवस्था, पेयजल, अल्पाहार, स्वच्छता एवं एम्बुलेंस सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

