home page

डेब्यू रणजी मैच में शतक से चूके रोहन राजभर: राजस्थान ने पहले दिन बनाए 231 रन

 | 
डेब्यू रणजी मैच में शतक से चूके रोहन राजभर: राजस्थान ने पहले दिन बनाए 231 रन


जयपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान और तमिलनाडु के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी एलीट मुकाबले के पहले दिन राजस्थान ने तीन विकेट पर 231 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज सचिन यादव एक रन बनाकर पी. सरवणा कुमार की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।

शुरुआती झटके के बाद रणजी ट्रॉफी में पदार्पण कर रहे रोहन राजभर ने सुमित गोदारा के साथ पारी को संभाला। रोहन ने 220 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 95 रन बनाए। उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का शानदार परिचय देते हुए तमिलनाडु के अनुभवी गेंदबाजों का सामना किया। हालांकि, वह अपने पदार्पण मुकाबले में शतक पूरा करने से महज पांच रन दूर रह गए।

सुमित गोदारा ने 49 रन बनाकर रोहन का अच्छा साथ दिया। तमिलनाडु की ओर से पी. सरवणा कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने राजस्थान के तीनों विकेट हासिल किए। दिन का खेल समाप्त होने तक करण लांबा 96 गेंदों पर 79 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि महिपाल लोमरोर बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद थे। राजस्थान ने पहले दिन तीन विकेट के नुकसान पर 231 रन बना लिए हैं। अब दूसरे दिन टीम की नजर बड़े स्कोर की ओर बढ़ने पर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश