home page

आरओबी निर्माण के कारण जोधपुर मंडल की चार ट्रेंनें प्रभावित

 | 
आरओबी निर्माण के कारण जोधपुर मंडल की चार ट्रेंनें प्रभावित


जोधपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम रेलवे के वापी-भीलड़ी रेलखंड पर आरओबी के निर्माण कार्य के कारण जोधपुर मंडल की चार रेलसेवाओं के संचालन पर असर पड़ेगा। इसके तहत एक रेलसेवा को रीशेड्यूल किया गया है, जबकि तीन रेलसेवाएं मार्ग में नियंत्रित रहेंगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि उपरोक्त निर्माण कार्य के कारण ट्रेन संख्या 12490 दादर-श्रीगंगानगर द्विसाप्ताहिक सुपरफास्ट 18 अक्टूबर को दादर से अपने निर्धारित समय से एक घंटे देरी से प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20495 जोधपुर-हड़पसर सुपरफास्ट 17 अक्टूबर को जोधपुर से प्रस्थान करने के बाद पश्चिम रेलवे के क्षेत्र में एक घंटा 45 मिनट रेगुलेट रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 21902 बाड़मेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट इसी दिन मार्ग में एक घंटे तथा गाड़ी संख्या 22932 जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट पश्चिम रेलवे पर 25 मिनट रेगुलेट रहेगी।

यशवंतपुर-बीकानेर एक्सप्रेस का बिरूर स्टेशन पर ठहराव छह माह बढ़ाया

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का बिरूर जंक्शन स्टेशन पर अस्थाई ठहराव छह माह के लिए बढ़ा दिया गया है। अब यह सुविधा 15 अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार ट्रेन संख्या 16587/16588 यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर का बिरूर जंक्शन स्टेशन पर ठहराव पहले 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित था। अब इसे 15 अप्रैल तक विस्तारित किया गया है। ठहराव अवधि बढऩे से बिरूर जंक्शन और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को यशवंतपुर, हुबली, जोधपुर एवं बीकानेर सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश