home page

राजस्थान को मिली तीन नई रेल सेवाओं की सौगात

 | 
राजस्थान को मिली तीन नई रेल सेवाओं की सौगात


जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में रेल परिवहन सेवाओं के विस्तार की दिशा में तीन नई रेल सेवाओं के परिचालन को मंजूरी मिली है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आग्रह पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन ट्रेनों के संचालन को स्वीकृति दी है। नई रेल सेवाओं के शुरू होने से प्रदेश के कई जिलों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होगा।

स्वीकृति के अनुसार भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर होकर किया जाएगा। इसके अलावा हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस तथा हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस अलवर, जयपुर, अजमेर और आबू रोड होकर संचालित होंगी।

इन नई रेल सेवाओं के माध्यम से राजस्थान के विभिन्न हिस्सों का दूसरे राज्यों और प्रमुख शहरों से संपर्क बेहतर होगा। खास तौर पर जयपुर, अजमेर, अलवर, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर और आबू रोड क्षेत्र के यात्रियों को नई रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलने की उम्मीद है।

राज्य सरकार के अनुसार नई ट्रेनों के संचालन से क्षेत्रीय संपर्क सुदृढ़ होने के साथ यात्रियों को अधिक सुगम और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प उपलब्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित