home page

महापौर ने विधिवत शुरू किया काम, उप महापौर ने संभाला पदभार

 | 
महापौर ने विधिवत शुरू किया काम, उप महापौर ने संभाला पदभार


जोधपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने बुधवार को शुभ मुहूर्त में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से कामकाज शुरू किया, वहीं उप महापौर विजय सिंह पंवार ने भी बुधवार को कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत अभिनंदन किया।

महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने बताया कि उन्होंने पहले ही महापौर का कार्यभार ग्रहण कर लिया था, लेकिन सनातन संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप नवरात्रि के अवसर पर विधिवत कामकाज शुरू करने का निर्णय लिया था। इसी के तहत अब वे नियमित रूप से निगम कार्यालय में बैठकर शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे। महापौर ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में वे प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक नगर निगम कार्यालय में बैठेंगे।

इस दौरान आमजन, पार्षदों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से निगम से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को चक्कर लगाने पड़ते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों को अपने जायज कामों के लिए बार-बार निगम कार्यालय नहीं आना पड़े। यदि किसी आवेदन या कार्य में कोई कमी होगी, तो संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट रूप से इसकी जानकारी दी जाएगी, ताकि आवश्यक दस्तावेज या औपचारिकताएं पूरी कर समस्या का समाधान किया जा सके।

व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना प्राथमिकता

महापौर ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता है। सडक़ों के गड्ढे भरने, खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करने, आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगाने और सफाई व्यवस्था सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों पर शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलें तथा वे स्वच्छ और रोशन वातावरण में उत्साह के साथ पर्व मना सकें, इसके लिए निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि शहर के 100 वार्डों में स्ट्रीट लाइट से संबंधित लगभग 80 प्रतिशत समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। सडक़ों पर गड्ढों को भरने के लिए जगह-जगह मरम्मत कार्य भी करवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही आज से शहर के सभी 100 वार्डों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है।

महापौर ने कहा कि अभियान के माध्यम से शहर की गलियों, सडक़ों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। सीवरेज की समस्या पर महापौर ने कहा कि शहर में यह एक गंभीर और पुरानी समस्या है, जिसके स्थायी समाधान के लिए समय और योजनाबद्ध प्रयासों की आवश्यकता होगी। हालांकि, त्योहारों के दौरान सडक़ों पर गंदा पानी बहने और गंदगी जमा होने की समस्या को कम करने के लिए प्राथमिकता से काम किया जाएगा, ताकि आमजन को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

सेवा सेतु अभियान शिविर का किया अवलोकन

महापौर ने नगर निगम परिसर में चल रहे सेवा सेतु अभियान शिविर का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिए। महापौर ने निगम अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि शिविर के दौरान जो भी कार्य नियमानुसार किए जा सकते हैं, उन कार्यों में अनावश्यक रूप से विलंब न किया जाए और उन प्रकरणों का तुरंत निस्तारण हो।

उन्होंने कहा कि शिविर में अब महज 2 दिन का समय बचा है, इसलिए आमजन को इसका अधिक से अधिक लाभ मिले, इसके लिए अतिरिक्त प्रयास करें। इधर उपमहापौर विजय सिंह पंवार कार्यभार संभालने के बाद कहा कि शहर में बदलाव के लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है।

आज से सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। सफाई कार्यों में उपयोग होने वाले वाहनों को भी चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। दीपावली से पहले पूरे शहर को स्वच्छ और रोशन बनाना प्राथमिकता है। त्योहार के बाद सभी पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक कर दीर्घकालीन विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश