home page

नशामुक्त भारत और संस्कारों के प्रसार के लिए जयपुर में होगा 501 कुंडीय महायज्ञ

 | 
नशामुक्त भारत और संस्कारों के प्रसार के लिए जयपुर में होगा 501 कुंडीय महायज्ञ


जयपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नशामुक्त भारत के संकल्प और भारतीय संस्कारों के प्रसार के उद्देश्य से जयपुर में 30 अक्टूबर को 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। भारत विकास परिषद के संस्कार प्रकल्प और आर्य युवा दल के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया। कार्यक्रम वैशाली नगर स्थित डीएवी स्कूल में होगा।

कार्यक्रम संयोजिका डॉ. रीता भार्गव, सहसंयोजक गुंजन सक्सेना, संजीव भार्गव, मीडिया प्रभारी आशीष शर्मा और डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य राजन गौतम ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। आयोजकों के अनुसार, राज्यपाल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महायज्ञ के पोस्टर का विमोचन किया।

कार्यक्रम संयोजिका डॉ. रीता भार्गव ने बताया कि महायज्ञ में विभिन्न विद्यालयों के करीब एक हजार विद्यार्थी और उनके अभिभावक भाग लेंगे। इसके अलावा शहर के गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

महायज्ञ के दौरान नशामुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी अपनाने, सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर आधारित प्रेरक गतिविधियां आयोजित होंगी। आयोजन स्थल पर नशामुक्त भारत अभियान तथा भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ी विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

मीडिया प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में भारतीय संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और सकारात्मक जीवन मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। आयोजकों के अनुसार, यह महायज्ञ धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक चेतना और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने का माध्यम बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश