पोलो के मैदान में उतरी राजस्थान पुलिस: डीजीपी ने किया टीम का शुभारंभ
जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में नई पहल करते हुए देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार की है। इसके साथ ही प्रदेश पुलिस के खेलों में अब पोलो को भी शामिल कर लिया गया है। राजस्थान पुलिस अकादमी के हॉकी ग्राउंड में गुरुवार शाम पुलिस पोलो टीम का उद्घाटन समारोह हुआ। इस दौरान टीम रेड और टीम ब्लू के बीच प्रदर्शन मैच खेला गया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बॉल रोलिंग कर पुलिस पोलो टीम और उद्घाटन मुकाबले का शुभारंभ किया। घोड़ों की तेज रफ्तार, खिलाड़ियों के कौशल और टीम के बेहतरीन तालमेल से मुकाबला रोमांचक रहा। दर्शकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। प्रदर्शन मैच में टीम ब्लू ने शानदार खेल दिखाते हुए टीम रेड को 6-2 से पराजित किया।
टीम रेड की ओर से जितेंद्र सिंह, मयूर सिंह, विजय और देवेंद्र तथा टीम ब्लू की ओर से अजय सिंह, शुभम गुप्ता, राजेश कुमार और डूंगर सिंह ने खेल का प्रदर्शन किया। तेज रफ्तार घोड़ों पर सवार खिलाड़ियों के कौशल और तालमेल ने मुकाबले में रोमांच भर दिया।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस ने विशेष पहल करते हुए कम समय में पोलो टीम तैयार कर प्रदर्शन मैच आयोजित किया है। आने वाले समय में राजस्थान पुलिस की टीम विभिन्न पोलो प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने से खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होगी। उन्होंने बताया कि पोलो टीम के खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर हो सके।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं मुख्य खेल अधिकारी रूपिंदर सिंह ने कहा कि डीजीपी के विजन के अनुरूप राजस्थान पुलिस की पोलो टीम तैयार की गई है। उन्होंने इसे देश में पुलिस खेलों के क्षेत्र में नई पहल बताते हुए कहा कि टीम नियमित अभ्यास करेगी और भविष्य में बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना लक्ष्य है।
इस कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड की भी शुरुआत की गई। समारोह में डीजीपी यातायात मालिनी अग्रवाल, राजस्थान पोलो क्लब के सचिव दिग्विजय सिंह, पूर्व पोलो खिलाड़ी कर्नल कुलदीप सिंह सहित राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

