देवउठनी एकादशी 21 नवंबर को: चार महीने बाद फिर गूंजेगी शहनाइयां
जयपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। चार महीने के चातुर्मास के बाद भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही शहर में एक बार फिर मांगलिक आयोजनों की शुरुआत होगी। 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिन घरों और मंदिरों में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विधि-विधान से विवाह कराया जाएगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस बार एकादशी पर सिद्धि योग, उत्तराभाद्रपद के बाद रेवती नक्षत्र और शनिवार का विशेष संयोग बन रहा है।
ज्योतिषाचार्य बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि पंचांग के अनुसार 21 नवंबर को सुबह 6:32 बजे तक एकादशी तिथि रहेगी। इसके बाद द्वादशी तिथि शुरू होगी, जो 22 नवंबर को सुबह 4:57 बजे तक रहेगी। उत्तराभाद्रपद नक्षत्र सुबह 6:51 बजे तक रहेगा, इसके बाद रेवती नक्षत्र प्रारंभ होगा। इस दिन सिद्धि योग देर रात करीब 2:30 बजे तक रहेगा। इसे पूजा-पाठ, साधना और शुभ कार्यों के लिए फलदायी माना जाता है।
शाम 5:14 से 7:53 बजे तक तुलसी विवाह का मुहूर्त
तुलसी विवाह के लिए प्रदोष काल शाम 5:14 बजे से 7:53 बजे तक रहेगा। वहीं अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:13 बजे तक रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराकर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
चातुर्मास समाप्त, फिर शुरू होंगे विवाह समारोह
हिंदू मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी से कार्तिक शुक्ल एकादशी तक भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। इस दौरान विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य स्थगित रहते हैं। देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास समाप्त होने पर विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य शुभ आयोजनों का सिलसिला फिर शुरू हो जाता है। हालांकि, विवाह के विशेष मुहूर्त पंचांग के अनुसार निर्धारित होंगे। इसके बाद 24 नवंबर को देव दीपावली का पर्व मनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

