गांव-ढाणी में ट्रिपल इंजन सरकार के मॉडल को पहुंचाए, पंचायत चुनाव में भी कमल खिलाएं- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
झालावाड़, 29 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को नगरीय निकाय चुनावों में प्रचंड समर्थन दिया। 309 निकायों में से 204 नगरीय निकायों में भाजपा के बोर्ड बने। यें नतीजे भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। साथ ही, उन कार्यकर्ताओं के परिश्रम का भी फल है, जिन्होंने हर वार्ड में दिन-रात मेहनत करते हुए भाजपा उम्मीदवारों को जिताया।
उन्होंने झालावाड़ में संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि निकाय चुनाव के बाद ट्रिपल इंजन सरकार के विकास के मॉडल को अब गांव-ढाणी तक पहुंचाना है और पंचायत चुनाव में भी कमल खिलाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता हर बूथ पर संगठन को सक्रिय कर प्रत्येक वर्ग के लोगों से निरंतर संपर्क करें। पूरे जोश, समर्पण और निष्ठा के साथ पंचायत चुनाव अभियान में जुटें और भाजपा को विजयी बनाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करते हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यकर्ता को ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर हम ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रहे है। इस अभियान के तहत स्वच्छता और रक्तदान शिविर तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे सामाजिक सरोकार के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आमजन को भी प्रेरित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

