home page

घूंघट में नामांकन करने पहुंची दावेदार, किसान भी चुनावी मैदान में

 | 
घूंघट में नामांकन करने पहुंची दावेदार, किसान भी चुनावी मैदान में


जोधपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जोधपुर जिले में दो चरणों में पंचायत चुनाव होने है। इसमें 13 अक्टूबर नामांकन का आखिरी दिन है। हालांकि भाजपा और कांग्रेस की ओर से अभी तक प्रत्याशियों की अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सोमवार को सुबह से ही कलेक्ट्रेट में नामांकन के लिए दावेदार पहुंचना शुरू हो गए। जिला परिषद सदस्य के लिए वार्ड नंबर 2 से भाजपा की ओर से राज कंवर ने दावेदारी पेश की है। वे घूंघट में अपने परिवार के साथ नामांकन पेश करने पहुंची। वे शेरगढ़ विधानसभा के लौड़ता अचलावता गांव से हैं और क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि गांव में पानी और सडक़ के साथ बालिका शिक्षा और मेडिकल व्यवस्थाओं पर ज्यादा फोकस रहेगा। वहीं वार्ड नंबर 14 से अर्जुन सिंह पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। वे पेशे से किसान है। इधर, पूर्व प्रधान रूघाराम ने कांग्रेस से दावेदारी पेश करते हुए जिला परिषद सदस्य के लिए वार्ड नंबर 13 से नामांकन पेश किया है।

इधर, भाजपा ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के तीन-तीन नामों के पैनल संगठन को भेज दिए है। संभावना है कि आज या कल में प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है। वहीं कांग्रेस में टिकट के मंथर को लेकर एक दिन पूर्व ही बैठक हुई थी। उम्मीद जताई जा रही है कि कांग्रेस आज प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है।

पहले और दूसरे चरण में इन पंचायत समिति के होंगे चुनाव

पहले चरण में शेरगढ़, चाबा, आगोलाई, चामू, सेखाला और बालेसर के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच/सरपंच के चुनाव होंगे। वहीं दूसरे चरण में ओसियां, सामराऊ, तिंवरी, उम्मेदनगर, बावड़ी, हतुंडी, भोपालगढ़, आसोप, पीपाड़ सिटी, सालावा खुर्द, मंडोर, लूणी, धवा, बिलाड़ा, कापरड़ा, केरू और झंवर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच/सरपंच के चुनाव होंगे। पंच/सरपंच के चुनाव का रिजल्ट वोटिंग के दिन ही आ जाएगा। वहीं पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य के चुनाव परिणाम देवउठनी एकादशी के दिन 20 नवंबर को आएगा। जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर और प्रधान के चुनाव 27 नवंबर को होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश