रितु बराला के समर्थन में उतरी जयपुर कांग्रेस: पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध अब जयपुर तक पहुंच गया है। इस मामले में एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जयपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई कथित बदसलूकी और झड़प के मामले में संबंधित महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डटासरा, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, हवामहल विधायक रफीक खान, आदर्श नगर विधायक अमीन कागजी, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
मामला दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे सहित विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस में बैठाया जा रहा था। इसी दौरान एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला और एक महिला पुलिसकर्मी के बीच तीखी बहस और हाथापाई होने की घटना सामने आई थी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे अनुचित बताया। इसी के विरोध में जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय में ज्ञापन सौंपने पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कर संबंधित महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन तेज करेगी।
इस घटनाक्रम के बाद दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शन से जुड़ा विवाद राजस्थान में भी राजनीतिक मुद्दा बन गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

