home page

राइट टू हेल्थ ठंडे बस्ते में: सरकार पर कांग्रेस ने लगाया आरोप

 | 
राइट टू हेल्थ ठंडे बस्ते में: सरकार पर कांग्रेस ने लगाया आरोप


जयपुर, 26 मार्च (हि.स.)। पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के आधे कार्यकाल के बावजूद प्रदेश की 8 करोड़ जनता के स्वास्थ्य को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासन में नि:शुल्क दवा व जांच योजना, 25 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और राइट टू हेल्थ जैसे कदम उठाए गए थे, जिससे राजस्थान स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी बना। उनके अनुसार वर्तमान सरकार ने इन योजनाओं को कमजोर किया है और राइट टू हेल्थ कानून को लागू करने में कोई ठोस पहल नहीं की।

डॉ. शर्मा ने एसएमएस अस्पताल के 24 मंजिला आईपीडी टावर और सांगानेरी गेट स्थित महिला अस्पताल के निर्माण कार्य में देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूर्व सरकार द्वारा शुरू परियोजनाएं अभी तक पूरी नहीं हो सकी हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 33 में से 30 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले, लेकिन वर्तमान सरकार नए जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में कोई पहल नहीं कर रही है।

आरजीएचएस योजना को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि बजट की कमी और बकाया भुगतान के कारण योजना प्रभावित हो रही है। साथ ही निजी अस्पतालों द्वारा इलाज बंद करने की चेतावनी भी दी जा रही है।

उन्होंने एमआरआई सेवाओं, स्टाफ की कमी, हीलियम आपूर्ति और जिला अस्पतालों की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को स्पष्ट कार्य योजना बतानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश