home page

आरजीएचएस सेवाएं बहाल करने की मांग को लेकर महासंघ ने प्रमुख शासन सचिव को सौंपा ज्ञापन

 | 
आरजीएचएस सेवाएं बहाल करने की मांग को लेकर महासंघ ने प्रमुख शासन सचिव को सौंपा ज्ञापन


जयपुर, 06 मई (हि.स.)। राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) के तहत मिल रही चिकित्सा सुविधाओं में आ रही बाधाओं को लेकर बुधवार को अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) ने प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से मुलाकात की।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शासन सचिवालय में प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ से वार्ता की। इस दौरान आरजीएचएस के तहत कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके आश्रितों को मिल रही सुविधाओं में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

महासंघ ने कैशलेस इलाज, दवा वितरण और बिल भुगतान में देरी के कारण कर्मचारियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। साथ ही मांग रखी कि चिकित्सा सेवाओं को जल्द पूर्व की तरह सुचारू किया जाए।

प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभाग इस विषय को गंभीरता से ले रहा है और शीघ्र ही आरजीएचएस की सेवाएं सामान्य कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि बकाया भुगतान और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक परिणाम नहीं मिले तो महासंघ आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सुरेश नारायण शर्मा, नरपत सिंह, प्रहलाद अग्रवाल, अजयवीर सिंह और शशि शर्मा भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश