कलेक्टर ने योग दिवस की तैयारियों व व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जोधपुर, 19 जून (हि.स.)। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय आयोजन को लेकर जिला कलेक्ट आलोक रंजन ने शुक्रवार को सम्राट अशोक उद्यान पहुंचकर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने पार्किंग, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, योगाभ्यासियों, पेंशनर्स तथा वरिष्ठ नागरिकों सहित आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।
जिला कलेक्टर ने आयुष मंत्रालय के योग संगम पोर्टल तथा राज्य सरकार के योग पोर्टल पर सभी योग स्थलों का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी 21 जून को अपने निकटतम योग स्थल पर पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास में सहभागी बनने तथा योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, आयुर्वेद विभाग,जोधपुर की उपनिदेशक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंजू नागर, आयुर्वेद विभाग के डॉ. मुकेश प्रजापत सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

