पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, डूंगरपुर में 4,444 में से 3,447 शस्त्र जमा
डूंगरपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायत चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर उदयपुर संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभाग के जिला कलक्टरों और पुलिस अधीक्षकों की बैठक ली। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत रखने के निर्देश दिए। बैठक में नामांकन, निर्वाचन प्रबंधन, प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संभागीय आयुक्त ने क्रिटिकल एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना पर जोर दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर देशलदान ने बताया कि जिले में जारी 4,444 शस्त्र लाइसेंसों में से 3,447 लाइसेंसधारियों ने हथियार जमा करवा दिए हैं। शेष हथियार निर्धारित समयावधि में जमा करवाए जाएंगे। संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर ली गई है और आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित की जा रही है। जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के आदेश जारी करने के साथ उनका प्रथम प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। मतदाता सूचियों के चिन्हीकरण एवं मुद्रण का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि मतदान दलों के प्रशिक्षण के आदेश जारी किए जा चुके हैं। जिले में पर्याप्त ईवीएम उपलब्ध हैं और उनकी प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी हो गई है। निर्वाचन संबंधी कमीशनिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। मतदान दलों के ठहरने और मतदान केंद्रों पर प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जा रही हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने दोनों चरणों के मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने पिछले चुनावों में सामने आई अवांछनीय गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने और क्लस्टर स्तर पर बैठकें कर मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी देने की कार्ययोजना बताई। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए आवश्यक वाहनों की मांग भेजने, कानून-व्यवस्था संबंधी रिपोर्ट तैयार करने और संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई शुरू करने सहित पुलिस की तैयारियां जारी हैं। वीसी में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रकाश चंद्र रेगर, निर्वाचन तहसीलदार अनिल पंड्या, वैभव पाठक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

