जनरल स्टोर में आग से कमरे में सो रहे रिटायर्ड शिक्षक की जिंदा जलने से मौत
पाली, 15 मार्च (हि.स.)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक जनरल स्टोर में लगी आग ऊपर बने कमरे तक पहुंच गई। कमरे में सो रहे एक 65 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक की जिंदा जलने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोतवाली थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया कि शनिवार रात करीब 2:15 बजे एक होमगार्ड जवान ने सूचना दी कि भैरूघाट स्थित अमित जनरल स्टोर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात कारण से जनरल स्टोर में आग लगी, जो धीरे-धीरे ऊपर बने कमरे तक फैल गई। कमरे में सो रहे रिटायर्ड शिक्षक राजेंद्र कुमार शर्मा (65) पुत्र जीवनदास आग से उठे धुएं के कारण बेहोश हो गए और बेड पर ही पड़े रह गए। इसके बाद आग की चपेट में आने से वे बुरी तरह झुलस गए।
दमकलकर्मियों ने जब तक आग बुझाकर उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। आग लगने के दौरान सुरक्षा के लिहाज से आसपास के इलाके की बिजली भी बंद करवाई गई थी।
घटना के समय मृतक का बेटा अमित अपनी पत्नी और बच्चे के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था। आग उस कमरे तक नहीं पहुंची, जिससे वे समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि इस दौरान अमित हल्का झुलस गया। आग की इस घटना में जनरल स्टोर में रखा सामान, कमरे में रखी अलमारी, बेड और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

