home page

चारागाहों से अतिक्रमण हटाने और गौमाता आश्रय स्थलों के कार्य पूर्ण करने के निर्देश

 | 
चारागाहों से अतिक्रमण हटाने और गौमाता आश्रय स्थलों के कार्य पूर्ण करने के निर्देश


जयपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में सोमवार को पंचायती राज विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभागीय कार्यों एवं विकास गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी भी उपस्थित रहे। बैठक में जनसुनवाई एवं ग्राम सभा के सुदृढ़ीकरण, एक गांव-एक चारागाह विकास गतिविधि, प्राकृतिक जल स्रोतों एवं चारागाहों से अतिक्रमण हटाने के आदेशों के क्रियान्वयन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय चारागाह विकास एवं गौमाता आश्रय स्थल, पौधारोपण सहित विभाग के अन्य प्रगतिरत विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मंत्री दिलावर ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने साफ किया कि केवल पत्राचार करना समस्या का समाधान नहीं माना जाएगा, बल्कि वास्तविक रूप से धरातल पर समाधान होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला परिषद के सीईओ एवं बीडीओ भी ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं एवं प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करें। जनसुनवाई में संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए तथा कार्यवाही के बाद निष्कर्ष दर्ज कर हस्ताक्षर भी किए जाएं।

मंत्री ने कहा कि निर्धारित समय पर जनसुनवाई आयोजित हो, प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर निस्तारित होने योग्य प्रकरण अनावश्यक रूप से उच्च स्तर तक नहीं जाने चाहिए।

उन्होंने जनसुनवाई की जानकारी आमजन तक समय पर पहुंचाने के लिए व्हाट्सएप, एसएमएस एवं अन्य संचार माध्यमों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत सदस्यों की उपस्थिति ग्राम सभा एवं जनसुनवाई में सुनिश्चित करने को कहा। मंत्री दिलावर ने एक गांव-एक चारागाह योजना के तहत चारागाह भूमि चिन्हित करने, अतिक्रमण हटाने, पौधारोपण करने तथा आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चारागाह भूमि पर किसी भी दबंग या प्रभावशाली व्यक्ति का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं होगा। सभी चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसका समुचित विकास किया जाए। उन्होंने गरीब एवं असहाय परिवारों को आवश्यक सहयोग एवं स्थायित्व प्रदान करने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय चारागाह विकास एवं गौमाता आश्रय स्थल से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें इसी वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया।

मंत्री ने बावड़ियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई, मरम्मत एवं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जल स्रोतों की अंदरूनी सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि उनका संरक्षण एवं पुनर्जीवन प्रभावी रूप से हो सके। मंत्री ने विभागीय विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने भर्ती प्रकरणों की जांच, स्थानांतरित कार्मिकों की शीघ्र जॉइनिंग सहित सभी लंबित मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री दिलावर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाए तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक में पंचायती राज विभाग के शासन सचिव एवं आयुक्त डॉ. जोगा राम, अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव ब्रजेश कुमार चान्दोलिया, निदेशक एवं पदेन विशिष्ट शासन सचिव कल्पना अग्रवाल सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारी भी जुड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित