home page

चित्तौड़गढ़ उड़नदस्ते की बड़ी कार्यवाई, उदयपुर से खाटूश्याम जा रही बस में आधे यात्री मिले बेटिकट

 | 
चित्तौड़गढ़ उड़नदस्ते की बड़ी कार्यवाई, उदयपुर से खाटूश्याम जा रही बस में आधे यात्री मिले बेटिकट


चित्तौड़गढ़, 26 जून (हि.स.)। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम यानी रोडवेज को घाटे से उबारने के सरकारी प्रयासों के बीच कर्मचारियों की लापरवाही से विभाग को नुकसान का मामला सामने आया है। शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ रोडवेज के उड़नदस्ते ने उदयपुर सिक्सलेन पर घोसुण्डा डेम के पास औचक निरीक्षण में उदयपुर से खाटूश्याम रोडवेज बस में 40 में से 20 सवारियां बेटिकट पकड़ी। इसके बाद रिमार्क लगाते हुवे परिचालक उम्मेद यादव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

चित्तौड़गढ़ रोडवेज डिपो के प्रबंधक संचालन आनंद प्रकाश पन्नूसा ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर बसों की निरंतर जांच की जा रही है। शुक्रवार को उड़नदस्ते ने चित्तौड़गढ़ डिपो की उदयपुर से खाटूश्याम बस को घोसुण्डा डेम के निकट रोक कर जांच की। बस में कुल 40 यात्री सवार थे, जिनमें से 20 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। यानी आधे यात्री बेटिकट थे। जांच अधिकारी ने मामले में बस परिचालक उम्मेद यादव के खिलाफ नियमानुसार रिमार्क दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। इसकी रिपोर्ट रोडवेज प्रबंधक चित्तौड़गढ़ के अलावा मुख्यालय को भी भेजी गई है। प्रबंधक संचालन आनंद प्रकाश पन्नूसा ने बताया कि यह कार्रवाई चित्तौड़गढ़ डिपो के मुख्य प्रबंधक राकेश सारस्वत के निर्देशन में की गई। उनका कहना है कि बिना टिकट यात्रा, राजस्व चोरी और विभाग को होने वाले आर्थिक नुकसान पर अंकुश लगाने के लिए उड़नदस्तों की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल