home page

टीन मिस राजस्थान के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू: 13 से 19 साल की किशोरियों को मिलेगा मंच

 | 
टीन मिस राजस्थान के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू: 13 से 19 साल की किशोरियों को मिलेगा मंच


जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान की किशोरियों को अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निखारने के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य की पहली किशोरियों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता ‘टीन मिस राजस्थान’ के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। इसमें 13 से 19 वर्ष तक की किशोरियां भाग ले सकेंगी। प्रतियोगिता के लिए 15 नवंबर को जयपुर में ऑडिशन होंगे, जबकि अंतिम मुकाबला 21 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।

प्रतियोगिता की संस्थापक निदेशक एकता जैन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य राजस्थान की प्रतिभाशाली किशोरियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। पंजीकरण शुरू होने के बाद अब तक करीब 200 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार प्रतिभागियों की संख्या 1000 से अधिक होगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी का राजस्थान मूल का होना अनिवार्य है। उसका जन्म राजस्थान में हुआ हो या वह प्रदेश की मूल निवासी हो। इसके प्रमाण के रूप में राजस्थान से संबंधित वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। आयोजकों के अनुसार चयनित और विजेता प्रतिभागियों को आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने तथा देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

टीन मिस राजस्थान के ऑडिशन 15 नवंबर को जयपुर के होटल प्राइम सफारी में होंगे। वहीं भव्य अंतिम मुकाबला 21 दिसंबर को बीलवा पैलेस में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया। इस अवसर पर संस्थापक निदेशक एकता जैन, मिस राजस्थान के आयोजक योगेश मिश्रा और प्रतिभागियों के प्रशिक्षण एवं मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहीं शैलजा सूरी सहित आयोजन से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश