रिफाइनरी से बड़े पैमाने पर मिलेंगे रोजगार के अवसर : सीएस
जोधपुर, 20 अपै्रल (हि.स.)। प्रदेश के मुख्य सचिव सी. श्रीनिवासन आज जोधपुर दौरे पर सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक कर विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उनको सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि आने वाला दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने जानकारी दी कि पचपदरा में स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। मुख्य सचिव के अनुसार, इस रिफाइनरी परियोजना से प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। करीब 30 हजार लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा, जबकि लगभग एक लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि पचपदरा रिफाइनरी परिसर में 12 कंपनियों के साथ उनके आउटलेट स्थापित करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिससे औद्योगिक विकास को और गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

