home page

डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर होगी एटीवीएम फैसिलिटेटरों की भर्ती

 | 
डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर होगी एटीवीएम फैसिलिटेटरों की भर्ती


डूंगरपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों पर लगी ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (एटीवीएम) से अनारक्षित टिकट जारी करने के लिए फैसिलिटेटरों की भर्ती निकाली गई है। इस योजना के तहत अजमेर मंडल के कुल 17 स्टेशनों पर 53 फैसिलिटेटरों की नियुक्ति की जाएगी, जिसमें डूंगरपुर रेलवे स्टेशन के लिए भी 2 पद शामिल किए गए हैं। भर्ती के लिए सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों सहित स्थानीय आम जनता से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। रेलवे की ओर से इसके लिए कोई निश्चित मासिक वेतन नहीं दिया जाएगा, बल्कि फैसिलिटेटर द्वारा बेचे गए टिकटों के कुल मूल्य पर नियमानुसार 3 प्रतिशत कमीशन का भुगतान किया जाएगा।

इस नियुक्ति के तहत चयन प्रक्रिया में पहली प्राथमिकता सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को और दूसरी प्राथमिकता उनके नामित जीवनसाथी या वयस्क संतान को दी जाएगी। यदि इन श्रेणियों से पद रिक्त रहते हैं, तो तीसरी प्राथमिकता के रूप में डूंगरपुर जिले के सामान्य नागरिकों को मौका मिलेगा। सामान्य आवेदकों के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष तय की गई है और उनका उसी जिले का निवासी होना अनिवार्य है, जिस जिले में स्टेशन स्थित है। इसके साथ ही आवेदक का न्यूनतम 10वीं (मैट्रिक/एसएसएलसी) पास होना और उसे हिंदी व अंग्रेजी भाषा का ज्ञान होना जरूरी है। आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

डूंगरपुर स्टेशन के लिए चयनित होने वाले सामान्य वर्ग के फैसिलिटेटरों को रेलवे के पास 25,000 रुपये की रिफंडेबल सुरक्षा राशि (एफडीआर के रूप में) जमा करानी होगी। यह नियुक्ति पूरी तरह से अनुबंध के आधार पर दो वर्ष के लिए की जाएगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर आगे एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने आवेदन के साथ पहचान और पते के प्रमाण के रूप में आवश्यक दस्तावेज, पैन कार्ड और पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन फॉर्म और भर्ती से जुड़ी विस्तृत शर्तें रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.nwr.indianrailways.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई हैं, जहाँ से योग्य उम्मीदवार जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष